फोटो-05- बावन मौके पर मौजूद ग्रामीण व पुलिस। संवाद
बावन। लोनार कोतवाली व बावन पुलिस चौकी क्षेत्र में हाईवे किनारे एक खेत की झाड़ियों में अर्द्धनग्न हालत में करीब 20 वर्षीय युवती खून से लथपथ मिली। बृहस्पतिवार सुबह गंभीर रूप से घायल युवती के कराहने की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे। युवती की हालत देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। युवती की हालात से दुष्कर्म की आशंका जाहिर की जा रही है।
कस्बे के बस स्टॉप के पास एक स्कूल के पीछे खाली खेत की झाड़ियों में अर्द्धनग्न लहूलुहान युवती के मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला पुलिस युवती को सीएचसी लाई। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, युवती मानसिक मंदित है। युवती के शरीर पर मारपीट और संघर्ष के निशान हैं। युवती के चेहरे, कान और हाथों पर गंभीर चोटें हैं। शरीर पर दरिदंगी और कपड़ों के आधार पर प्रारंभिक तौर पर दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि युवती ने बचाव में दरिंदे का विरोध किया होगा।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। युवती कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज मिश्रा ने बताया कि युवती के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं। दुष्कर्म की आशंका और अन्य परीक्षण के लिए युवती को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।