हरपालपुर। क्षेत्र के कुंदनपुरवा गांव निवासी रोहित अपनी पत्नी खुशबू (25) के साथ दिल्ली में रहकर प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं। गर्भवती पत्नी के प्रसव के लिए ही वह सोमवार रात रोडवेज बस से दिल्ली से वापस अपने गांव के लिए चले थे।
मंगलवार तड़के वह गांव पहुंचने वाले थे लेकिन इसी बीच खुशबू को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्रसव पीड़ा के चलते वह काफी परेशान हो गई। रोडवेज बस ने दोनों को गांव के बाहर उतार दिया लेकिन यहां से खुशबू गांव के अंदर अपने घर नहीं पहुंच सकी। अत्यधिक प्रसव पीड़ा होने के कारण वह सड़क पर ही लेट गई।
पत्नी की हालत देख पति राेहित ने 102 एंबुलेंस को फोन किया और स्थिति से अवगत कराया। जानकारी मिलते ही एंबुलेंस चालक अनूप और एमटी प्रमोद कुमार ने गांव के बाहर से सड़क किनारे जमीन पर लेटी महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के 10 मिनट बाद महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। स्टाफ नर्स प्रगति वर्मा ने बताया कि महिला ने तय समय से एक माह पहले ही बच्ची को जन्म दिया है। बच्ची का वजन कम है लेकिन दोनों सुरक्षित हैं।