फोटो-47-नाव से तलाश करते गोताखोर। संवाद
पाली। थाना क्षेत्र में धर्मपुर के पास बहनोई के घर आया किशोर नहाने के दौरान गर्रा नदी में डूब गया। लगभग चार घंटे तक चली तलाश का नतीजा सिफर रहा। एसडीआरएफ की टीम भी आ गई है। रविवार सुबह फिर से तलाशी शुरू की जाएगी। सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
धर्मपुर निवासी वीर प्रताप की ससुराल दिल्ली में है। उनके पुत्र का मुंडन पिछले सोमवार को हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए पिछले रविवार को उनके ससुरालीजन भी दिल्ली से आए थे। वीर प्रताप ने बताया कि शनिवार दोपहर वह अप ने साले आशीर्वाद (17), परिवार के ही आशीष, चचेरी बहन नैना, अंतिमा, अन्नू समेत नौ लोग गर्रा नदी में नहाने गए थे।
इस दौरान बाकी लोग बाहर आ गए, लेकिन आशीर्वाद गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। वीर प्रताप ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वीर प्रताप भी डूबने लगा। इस पर वीर प्रताप किसी तरह बाहर आ गया, लेकिन आशीर्वाद डूब गया। घटना का पता चलने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। अब रविवार सुबह तलाशी अभियान चलाया जाएगा।