- लोकायुक्त से हुई शिकायत में कराई गई थी जांच
- पिहानी विकास खंड के कुंवरपुर वसीठ में तैनात था राज कुमार सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बीएड की फर्जी डिग्री के सहारे पिछले दस साल से नौकरी करने के आरोप में जूनियर हाईस्कूल कुंवरपुर वसीठ के सहायक अध्यापक राज कुमार सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है।
नौकरी के दौरान लिए गए वेतन व अन्य भत्तों की वसूली भी कराए जाने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने दिए हैं। गोपनीय शिकायत पर अभिलेखों का सत्यापन कराए जाने के दौरान मामला खुलने पर कार्रवाई हुई है।
मूल रूप से फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के छिछमाल निवासी राजकुमार सिंह की नियुक्ति 21 सितंबर 2015 को सहायक अध्यापक के पद पर हुई थी। एक अक्टूबर 2015 से उसने सेवा शुरू की थी। उसकी तैनाती पिहानी विकास खंड के जूनियर हाईस्कूल कुंवरपुर वसीठ में थी। नियुक्ति के बाद उसका वेतन आदि जारी कर दिया गया था।
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी देवेंद्र सिंह ने लोकायुक्त से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में राज कुमार सिंह की बीएड की डिग्री फर्जी होने का आरोप लगाया था। इसकी जांच चलती रही। बीस सितंबर 2024 को एडीएम ने बीएसए को पत्र भेजकर राजकुमार की बीएड की डिग्री का सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी धोखेलाल के माध्यम से डाॅ. आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से सत्यापन कराया गया।
विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया कि राज कुमार सिंह ने जिस रोल नंबर का जिक्र किया है उस पर उनका नाम दर्ज नहीं है। शिक्षण कार्य का विवरण भी उपलब्ध नहीं है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद 26 अप्रैल काे राज कुमार सिंह को नोटिस जारी की गई थी। एक मई को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। बीएसए ने बताया कि राज कुमार सिंह काे बर्खास्त कर दिया गया है। वेतन की वसूली राजस्व वसूली की तरह कराई जाएगी।