हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए शाहाबाद के छह गांवों के 44 किसानों से यूपीडा के पक्ष में भूमि क्रय की जा चुकी है। साथ ही किसानों के खाते में 10 दिन के अंदर चार करोड़ 50 लाख रुपये धनराशि भेजी जा चुकी है।
एसडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे बिलग्राम, सवायजपुर व शाहाबाद के 86 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण/क्रय की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उन्होंने भूमि स्वामियों से अपील है कि वे किसी बिचौलिये के बहकावे में न आएं। प्रशासन द्वारा प्रतिफल की धनराशि सात दिन के अंदर किसानों द्वारा उपलब्ध कराए गए खाते में भेजी जा रही है।
सवायजपुर तहसील में रविवार को छह किसानों से यूपीडा के पक्ष में बैनामा कराया गया। तहसीलदार अवनींद्र शुक्ला व प्रभारी उपनिबंधक शशि यादव सिंह आदि ने बताया कि मेहंदी हसन, जमील हसन, नजर हसन, शकील, आसिरन निवासी ग्राम ज्योति पुरवा मजरा ककरा व मालती ने रोशनपुर आराजी की भूमि इसमें शामिल है।