बेहटा गोकुल (हरदोई)। ननिहाल स्थित स्कूल से हाईस्कूल की परीक्षा देकर वापस जा रही किशोरी को उसके भाई के दोस्त ने खेत में खींच लिया। किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर सीओ हरपालपुर शिल्पा कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी (17) हाईस्कूल की छात्रा है। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का ननिहाल है। इसी गांव स्थित एक विद्यालय में हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा का केंद्र है। परीक्षा देने के लिए किशोरी ननिहाल आई है। किशोरी के मुताबिक मंगलवार को परीक्षा देने के बाद वह स्कूल से घर जा रही थी।
इसी दौरान पिहानी कोतवाली क्षेत्र के जरौना निवासी सचिन ने उसे खेत में खींच लिया और दुष्कर्म किया। सचिन छात्रा के भाई का दोस्त है और दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता है। घटना की जानकारी किशोरी ने परिजनों को दी। किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ शिल्पा कुमारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।