हरदोई। सदर बाजार की उखड़ी सड़क लोगों को दर्द दे रही है। उखड़ी सड़क की मरम्मत न कराए जाने से लोगों ने ही टूटे प्लास्टर आदि को डालकर मार्ग के गड्ढों को बंद किए जाने का प्रयास किया है। बाजार में किराना, पेंट्स और जनरल स्टोर के साथ ही सब्जी मंडी भी है, जिससे यहां आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शहर के बीचोबीच स्थित सदर बाजार जाने के लिए छोटा चौराहा और डॉ. रामदत्त चौराहा से जाने का रास्ता है। डॉ. रामदत्त चौराहा की ओर से बाजार जाने वाले लोगों को बाजार में घुसते ही सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील मिलती है। नगर पालिका की ओर से करीब पांच साल पहले इंटरलॉकिंग करवाई गई थी। समय के साथ इंटरलॉकिंग उखड़ गई।
मार्ग के शुरूआत में करीब पांच मीटर लंबाई में इंटरलॉकिंग गायब हो गई। इससे मार्ग पूरी तरह गड्ढाें में बदल गया। लोगों ने घरों की मरम्मत आदि के दौरान निकलने वाले पुराने टूटे सीमेंट-प्लास्टर आदि को डालकर गड्ढा भरने का काम किया है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्राहकों के साथ ही दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
-
शहर के मार्गों को चिह्नित कराया गया है। सदर बाजार का भी मार्ग उसी में शामिल किया जाएगा। मुख्य बाजार का मार्ग होने के कारण लोगों की दिक्कतों की जानकारी है। जल्द ही मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा। -रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका