- सवायजपुर सीएचसी में शुक्रवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सवायजपुर। तेज रफ्तार कार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर के अंदर अनियंत्रित हो गई। आइसोलेशन वार्ड के रैंप के पास बैठीं तीन महिलाओं को टक्कर मारने के बाद कार रैंप से टकराकर रुक गई। घटना में घायल तीनों महिलाओं को सीएचसी में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के मुठौली धरम निवासी राम मूर्ति (55) का प्रसव शुक्रवार को होना था। प्रसव कराने के लिए राममूर्ति गांव की ही मुन्नी देवी (50) और सुरसा थाना क्षेत्र के मरसा निवासी रामलली (55) के साथ सीएचसी आई थी। प्रसव के बाद यह तीनों आइसोलेशन वार्ड के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सीएचसी के अंदर घुस आई और तीनों महिलाओं को टक्कर मारने के बाद रैंप से टकराकर रुक गई। घटना के बाद कार सवार चार युवक मौके से भाग गए। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। घटना में गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।