हरदोई। रक्षाबंधन पर बहनों को घर पहुंचाने के लिए शुक्रवार को रोडवेज बस डिपो पर सुबह से ही यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा। बस में सवार होना तो दूर, कई यात्रियों के लिए बस के अंदर घुसना भी चुनौती बन गया। बस आते ही यात्री उसे चारों ओर से घेरकर खिड़की से अपने बच्चों को चढ़ाकर खुद भी किसी तरह बस में चढ़ने की कोशिश करते देखे गए। बस में जगह न रहने के बाद लोग बस के गेट व सीढ़ियों तक खड़े नजर आए।
डिपो पर आलम यह रहा कि बस के रुकते ही यात्री उसे चारों ओर से घेर लेते। इससे चालक-परिचालकों को बस निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुक्रवार को भीड़ बृहस्पतिवार के मुकाबले काफी अधिक नजर आई। बृहस्पतिवार को हरदोई डिपो से 8,999 महिलाओं ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ लिया था। उनके साथ आने वाले 7,362 सहयोगियों ने भी निशुल्क यात्रा की। वहीं डिपो को किराया देकर दिल्ली, कन्नौज, सीतापुर, संडीला, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद समेत कई मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों से 15 लाख 855 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अनुमान लगाया जा रहा है कि रक्षाबंधन के दिन रोडवेज से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या करीब 15 से 20 हजार तक पहुंची।
छोटे रूट की बसों को लंबे मार्गों पर भेजा
रक्षाबंधन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए डिपो ने छोटे रूटों पर चलने वाली बसों का उपयोग लंबे मार्गों पर करने की व्यवस्था की है। हरदोई से बरेली जाने वाली 10 बसों का रूट आगे बढ़ाकर दिल्ली तक किया गया है। वहीं 10 से 15 बसों को फर्रुखाबाद और सीतापुर तक विस्तारित किया गया है। कन्नौज रूट पर भी बसों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे कम दूरी वाले मार्गों की बसों का उपयोग अधिक भीड़ वाले लंबे रूटों पर किया जा रहा है।
-
यात्री बोले- बस में जगह मिलना मुश्किल
बस आते ही इतनी भीड़ टूट पड़ रही कि बच्चों को बस में चढ़ाना मुश्किल हो रहा है। कन्नौज जाने के लिए काफी देर से बस का इंतजार कर रहे हैं। -प्रिया यादव, यात्री
-
बसें आ तो रही हैं लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा है कि अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही। किसी तरह बस में चढ़कर घर पहुंचना है। -संगीता देवी, महिला यात्री
भीड़ के हिसाब से बढ़ाई गई बसें
डिपो प्रभारी वैभव रघुवंशी ने बताया कि रक्षाबंधन पर भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। छोटे रूटों पर चलने वाली कुछ बसों का रूट बढ़ाकर लंबे मार्गों पर भेजा जा रहा है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है।
फोटो23 - अंदर घुसने को बस की खिड़की पर लटका युवक। संवाद
फोटो23 - अंदर घुसने को बस की खिड़की पर लटका युवक। संवाद
फोटो23 - अंदर घुसने को बस की खिड़की पर लटका युवक। संवाद
फोटो23 - अंदर घुसने को बस की खिड़की पर लटका युवक। संवाद