हरदोई। बेहटा गोेकुल थाना क्षेत्र के महमदापुर में 20 अक्तूबर को मारपीट में घायल बुजुर्ग की शुक्रवार शाम मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने 23 अक्तूबर को आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी का चालान करके छोड़ दिया था।
थाना क्षेत्र के महमदापुर निवासी राजेंद्र (70) मजदूरी करते थे। पुत्र शिवबक्श के मुताबिक, गांव निवासी आरोपी कुलदीप राठौर उर्फ बुद्धा से पिता राजेंद्र का जुआ के रुपयों के लेनदेन के संबंध में विवाद चला रहा था। 20 अक्तूबर को उनके पिता गांव में जागेश्वर की दुकान पर बैठे थे। वहां कुलदीप आ गया। रंजिश मानते हुए उसने गाली गलौज शुरु कर दी। मना करने पर आरोपी ने राजेंद्र को लाठी-डंडों से पीट दिया था।
इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उनको बावन सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां 12 दिन बाद चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। परिजन लखनऊ न ले जाकर उन्हें घर ले आए थे। उनका घर पर ही इलाज कराया जा रहा था। शुक्रवार शाम राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिवार में पत्नी रामगुना, पुत्र शिवबक्श, लल्ला और पुत्री सुदामा है। थानाध्यक्ष धर्मेद्र गिरी ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।