पाली। सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती में बड़ी घटना हो गई। एक युवती ने पाली थाने में दुष्कर्म और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी युवक की बहन युवती की दोस्त सोशल मीडिया के जरिए बनी थी।
पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि साेशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती परेली जनपद के सिमरा बहोर नगला निवासी अंजली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। दावा है कि अंजली ने अपने भाई आदित्य से युवती की बात कराई। एक दिन आदित्य ने घर आकर परिजनों से इच्छा जताई। बीती 11 जून की रात आठ बजे आदित्य ने उसे फोन किया। कहा कि गांव के बाहर खड़ा है, आगे का रास्ता नहीं पता है। इस पर वह आदित्य को लेेने गांव के बाहर गई।
आरोप है कि यहां मौजूद आदित्य, उसकी बहन अंजली, पिता बंटू शर्मा और दो अज्ञात लोगों ने उसे जबरन कार में डाल लिया और बरेली स्थित अपने घर ले गए। वहां आदित्य के साथ जबरन आर्य समाज मंदिर में शादी करा दी। आरोप है कि आदित्य ने उसका शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर मारपीट की। मौका मिलने पर युवती ने अपनी मौसी को फोन पर घटना की जानकारी दी।
मौसी ने उसके पास पहुंचकर उसके पिता से बात कराई। इस पर युवती के पिता बरेली पहुंचे और उसे लेकर वापस घर आ गए। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आदित्य, उसकी बहन अंजली, पिता बंटू और दो अज्ञात पर अपहरण, दुष्कर्म आदि कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आदित्य ने बरेली दर्ज करा रखी है अपहरण की रिपोर्ट
युवती की तहरीर पर जिस आदित्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, उसने भी अपहरण की रिपोर्ट बरेली में दर्ज करा रखी है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक बरेली के एक थाने में आदित्य ने युवती के पिता, मौसी समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए दो तीन अज्ञात लोगों पर भी अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।