हरदोई। साढू की बेटी के मुंडन समारोह में जा रहा बाइक सवार मजदूर बुधवार रात रास्ता भटक गया। एजा फार्म के पास से वापस आते समय हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सवायजपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ककरा निवासी राम निवास (30) मजदूरी करते थे। भतीजे दीपक ने बताया कि लोनार कोतवाली क्षेत्र के नस्योली गांव में राम निवास के साढू सुरजीत रहते हैं। बुधवार शाम सुरजीत की बेटी का मुंडन समारोह था। समारोह में शामिल होने के लिए राम निवास बाइक से गए थे। एजा फार्म के पास रास्ता भटक जाने से वह वापस जा रहे थे।
इस बीच सवायजपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने गलत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राम निवास को परिजन सीएचसी सवायजपुर ले गए। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों से शिकायत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांच माह मेें ही उजड़ गया सिंदूर
रामनिवास की शादी पांच माह पहले 24 नवंबर 2025 को अतर्छा बुजुर्ग निवासी खुशबू के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों बेहद खुश थे। आर्थिक रूप से थोड़ा कमजोर होने के बाद भी दोनों आपसी समझ से गृहस्थी ठीक से चला रहे थे। बुधवार रात हुई घटना में खुशबू का सुहाग उजड़ गया। पति की मौत की जानकारी पर वह बदहवास हो गईं और उन्हें संभालना मुश्किल हो गया।
फोटो-15- राम निवास। फाइल फोटो