हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के गढि़या बारामऊ गांव में दोस्तों के साथ खेलने गए बच्चे की कुएं में डूबकर मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गढि़या बारामऊ गांव निवासी नाहर सिंह खेती करते हैं। उनका पुत्र प्रांशू (8) गांव के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। रविवार को दोपहर में वह अपने दोस्तों के साथ खेतों में खेलने गया था। यहां गेंद खेलने के दौरान वह कुएं में गिरकर डूब गया। साथ खेल रहे बच्चों ने उसके घर पर सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हाे चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष अरवल दृगपाल सिंह गौर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।