सवायजपुर। कटरा-उन्नाव मार्ग पर रविवार रात बाइक सवार युवक मवेशियों के झुंड से टकरा गया। कन्हारी के पास हुए हादसे में घायल युवक को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कंहारी गांव निवासी शमशेर (31) खेती करता था। पिता ब्रजेश ने बताया कि रविवार रात वह किसी काम से सवायजपुर जा रहा था। कन्हारी गांव के पास एक ढाबे के सामने कुछ मवेशी झुंड में खड़े थे। इनसे शमशेर बाइक समेत टकरा गया।
वह सिर के बल सड़क पर गिर गया। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। ढाबे पर मौजूद कुछ लोगों ने शमशेर को पहचानकर परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी सवायजपुर और फिर यहां से मेडिकल कॉलेज लाया गया।
हालात गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन शमशेर को लेकर लखनऊ गए, लेकिन वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि बेटे की पहली पत्नी पिंकी की मौत हो चुकी है। उसका दूसरा विवाह सात माह पहले गुनगुन से हुआ है। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।