सवायजपुर। तहसील क्षेत्र के गांव नगरा चौधरपुर के प्रधान प्रतिनिधि दिनेश, हरिशंकर, कैलाश, छंगे, सतीप्रकाश, हरीराम, मुंशी, जगदीश, छोटे सहित करीब 40 ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय के सामने कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी कर कोटा निरस्त करने की मांग की है।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव स्थित राशन की दुकान अनियमितताआें के चलते कई बार निलंबित की गई, पर कोटेदार ने अपनी पहुंच से दुकान बहाल करा ली। ग्रामीणों के अनुसार कोटेदार गेहूं चावल अधिक मूल्य पर देता है। चीनी का वितरण केवल त्योहार पर ही करता है। तेल वितरण तीसरे व चौथे महीने में करता है। ग्रामीणों ने एसडीएम से कोटेदार पर कार्रवाई कर कोटा निरस्त करने की मांग की। एसडीएम सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।