हरदोई। आयकर विभाग में आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई होने के चलते चार्टर्ड एकाउंटेट आदि की व्यस्तता बढ़ गई है। जिन लोगों का आईटीआर अभी तक दाखिल नहीं हो पाए वे ई-फाइलिग के विकल्प साथ ही आयकर कार्यालय में जमा करने के साधनों का प्रयोग करेंगे।
इसको देखते हुए आयकर कार्यालय में भी सजगता बढ़ गई है। अगर बडे़ पैमाने पर आईटीआर आते हैं तो उनको रिसीव करने एवं रसीद देने आदि की व्यवस्थाएं चौकस की गई है। आयकर अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि वैसे तो भीड़ होने की संभावनाएं काफी कम हैं, फिर भी यदि भीड़ होती है, तो उसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं है। कार्यालय अन्य कार्यदिवसों की तरह सुबह 10 से 5 बजे तक खुलेगा और कार्यालय आने वालों को नियमानुसार सेवाएं मुहैया कराई जाएगी। कहा कि कार्यालय का समय बढ़ाने को लेकर अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने पर समय परिवर्तित किया जाएगा।