हरदोई। जमीन के विवाद में हरपालपुर क्षेत्र में कुछ दबंगों ने एक युवक को घर में घुसकर गोली मार दी। गोली युवक की बांह को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। अस्पताल में भर्ती पीड़ित ने पुलिस पर मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई को एसपी को पत्र दिया है।
हरपालपुर क्षेत्र के अंतर्गत हरपालपुर गांव निवासी रामबाबू का गांव के अजयपाल सिंह से जमीन को लेकर कुछ विवाद चल रहा है। बताया गया कि इसी विवाद को लेकर आए दिन दोनों पक्षों लड़ाई झगड़े होते रहते हैं। रामबाबू ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अजय पाल ने उसके घर में घुसकर मारापीटा था। इस पर उसने थाने पर एनसीआर दर्ज कराई थी, पर इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसको ही फायदा उठाकर उक्त लोगों ने 24 जुलाई की रात में घर पर धावा बोल दिया और गाली गलौज करनी शुरू कर दी।
बताया कि जब उसने मना किया तो अजयपाल ने तमंचे से फायर झोंक दिया, जिसकी गोली उसके हाथ में लगी और वहीं गिर पड़ा। शोरगुल सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बताया कि वह तो जिला अस्पताल आ गया, तो पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की, पर मामूली धाराएं ही लगाई हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जांच करवाकर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।