हरदोई। पेट्रोल की कीमत बढ़ने की खबर आने के बाद कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल वितरण न करने तथा पंप बंद करने की शिकायतों को आपूर्ति विभाग ने गंभीरता से लेते हुए डीएसओ एसपी सिंह ने घंटाघर रोड स्थित मेसर्स टंडन सर्विस स्टेशन के संचालक सहित तीन पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन के स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया कि स्पष्टीकरण न मिलने की दशा में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि 23 मई को पेट्रोल कंपनियों द्वारा पेट्रोल की कीमतों में 7 रुपए 50 पैसे की वृद्धि की गई थी। यह मूल्य वृद्धि 23 मई को रात 12 बजे के बाद से लागू होनी थी, जिसके चलते पुराने रेट पर पेट्रोल लेने को पंपों पर कतार लग गई। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई कि मुनाफाखोरी करने के उद्देश्य से कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल को डंप कर नए रेट पर बेचने को बिक्री बंद कर दी गई, जिस पर डीएम एके शुक्ला ने तत्काल डीएसओ को सभी पंपों का निरीक्षण करने एवं पेट्रोल का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएसओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान घंटाघर रोड स्थित एचपी कंपनी के डीलर टंडन सर्विस सेंटर का पंप बंद मिला और इसके अलावा पिहानी चुंगी के पास स्थित सैनिक पेट्रोल पंप तथा आविद पेट्रोल पंप अस्पताल चौराहा बंद मिले। इन तीनों पंपों के संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है और स्पष्टीकरण मिलने के बाद पूरे मामले की छानबीन की जाएगी। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इन पंपों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।