हरदोई। पति दिल्ली से नहीं आया, तो पत्नी ने घर में मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आग की लपटें उठती देख परिजनों को जानकारी हुई तो आग बुझाकर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस मायके वालों का इंतजार कर रही है। पाली क्षेत्र के अतर्जी निवासी जगरूप दिल्ली में सिलाई कढ़ाई का काम करते हैं। उनकी शादी तीन वर्ष पूर्व शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के बल्देवखेड़ा निवासी मान सिंह की पुत्री सोनी (22) के साथ हुई थी। मायके वाले चंडीगढ़ में काम करते हैं। सोनी के एक बच्चा भी है। जगरूप दिल्ली में काम करते थे, पर सोनी गांव पर ही थी। जगरूप के पिता तोड़ई ने बताया बहू मायके जाना चाहती थी। गुरुवार दोपहर को वह पाली से चूड़ी भी पहन आई थी और फोन कर जगरूप को आने की बात कही थी, पर अगले महीने घर में शादी है, जिसके चलते उसने शादी पर ही घर आने की बात कहते हुए आने से मना कर दिया था। सोनी नाराज हो गई और उसने घर में मिटट्ी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। शोर सुनकर परिजनों ने आग बुझाई और सोनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंच कर सोनी ने भी पति के न आने पर आग लगाने की बात बताई। चिकित्सकों ने मजिस्ट्रेट बयान के लिए पुलिस के माध्यम से सूचना भिजवाई, पर बयान के पहले उसकी मौत हो गई।