हरियावां। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की परिजनों ने जमकर धुनाई कर दी, जिसे बचाने पहुंची प्रेमिका की गुहार भी काम न आई और प्रेमी को जमकर पिटाई हुई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रेमी का दावा है कि उन लोगों ने कोर्ट मैरिज कर चुके हैं और अंतरजातीय विवाह होने के कारण लड़की के घर वाले उसका पिछले लंबे समय से उत्पीड़न कर रहे हैं और उससे मिलने नहीं दे रहे हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम बेरवीजोर निवासी पप्पू की पुत्री निशू (दोनों काल्पनिक) से मिलने शाहजहांपुर निवासी रामू (काल्पनिक नाम) आया, तो उसे देखते ही परिजनों से उसे चले जाने को कहा,मगर उसने निशू से मिलने की जिद की तो परिजनों से उसकी धुनाई कर दी। युवक को पिटता देख निशु ने उसे बचाने का प्रयास किया, मगर परिजन नहीं माने।
लोगों ने पुलिस को खबर कर दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। युवक का कहना है कि निशु उसकी पत्नी है, जब वो शाहजहांपुर में पढ़ती थी तो उसका उससे प्रेम प्रसंग हो गया था और दोनों की जाति अलग अलग होने के कारण दोनों ने घर बालों की बिना मर्जी के कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद भी लड़की के घरवालों ने उसे प्रताड़ित कराकर दोनों को अलग कर दिया था। आज वो उससे मिलने आया तो इन लोगों ने उसकी धुनाई कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।