हरदोई। आर्थिक, जातिगत जनगणना एक जून से शुरू होने वाली है, जिसके लिए मास्टर ट्रेनरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू होगा। इस बाबत सीडीओ के निर्देशन में सोमवार को एक समीक्षा बैठक हुई, जिसमें तैयारियों पर चर्चा की गई। जनगणना को प्रशिक्षित होने वाले मास्टर ट्रेनरों की संख्या निर्धारित करते हुए अफसरों को प्रशिक्षण सफल कराने को निर्देश दिए गए।
जनगणना पूरी होने के बाद अब सामाजिक-आर्थिक एवं जातिगत जनगणना भी की जाएगी। जिसके लिए वृहद स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। वैसे इस बार आर्थिक व जातिगत जनगणना पहले की अपेक्षा और हाईटेक होगी और मास्टर ट्रेनरों को टैबलेट व पीसी पर सूचनाएं अपलोड करने की जानकारी दी जाएगी। मास्टर ट्रेनरों को इसका अभी प्रशिक्षण आठ व नौ मई को दिया जाना है। आर्थिक और जातिगत जनगणना मंगलवार से विकास भवन सभागार में सुबह साढ़े दस बजे व शाम पांच बजे से होगी, जिसमें मास्टर ट्रेनरों को जनगणना के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसी को लेकर सोमवार को सीडीओ एके द्विवेदी ने तैयारियों की समीक्षा की। सीडीओ ने कहा कि मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक फैसिलेटर जिला प्रशिक्षण अधिकारी कमल किशोर कमल, प्रसार प्रशिक्षण अधिकारी रत्नेश सिंह द्वारा दिया जाएगा, जबकि मास्टर ट्रेनरों को टैबलेट व पीसी संचालित करने की जानकारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी व आईटीआई के प्रशिक्षकों द्वारा दी जाएगी। बताया कि मास्टर ट्रेनर के रूप में जिले के 16 खंड शिक्षाधिकारी, सात बीडीओ, नौ अवर अभियंता, सात नायब तहसीलदार, 15 राजस्व कर्मी व पालिका कर्मी समेत कुल 54 अधिकारी कर्मचारियों को चयनित किया गया है। रिजर्व मास्टर ट्रेनर के रूप में 19 बाल विकास परियोजना अफसरों की तैनाती भी की गई है। बैठक में पीडी श्रीनिवास मिश्र, डीडीओ पीके सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुनील दत्त अवस्थी आदि मौजूद थे।