हरदोई। किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने को अब सरकारी क्रय केंद्रों के अलावा मंडी समिति के लाइसेंसधारक आढ़तियों से भी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जाएगी। इसके लिए शासन का आदेश मिलने के बाद प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इच्छुक आढ़तियों से आवेदनपत्र लेने के बाद उन्हें खरीद के लिए अधिकृत किया जाएगा।
आढ़तियों द्वारा किसानों समर्थन मूल्य 1285 रुपए प्रति कुंतल के भाव पर गेहूं खरीद कर भुगतान किसान को एकाउंटपेयी चेक से किया जाएगा और किसान का विवरण का रजिस्टर बनाया जाएगा। यह कार्य करने के एवज में सरकार द्वारा आढ़तियों को ढाई फीसदी कमीशन दिया जाएगा तथा उनके द्वारा खरीदे जाने वाले गेहूं का भुगतान भी सरकार द्वारा किया जाएगा। खरीद को अधिकृत आढ़ती सरक ारी गेहूं खरीद की नोडल एजेंसी विपणन शाखा के आधीन कार्य करेंगे। ज्ञात हो कि जिले के सरकारी एजेंसियों के माध्यम से समर्थन मूल्य 1285 रुपए प्रति कुंतल के भाव पर किसानों से गेहूं खरीदने का लक्ष्य 1 लाख 3 हजार एमटी निर्धारित है। इसके लिए अभी तक 91 केंद्र खरीद कर रहे हैं। अभी तक लगभग 40 हजार एमटी खरीद हो चुकी है। अब शेष लक्ष्य के अनुसार खरीद करने के कार्य में आढ़ती भी शामिल होगे। उधर, जिले में पांच मंडियां हैं और करीब पांच सौ लाइसेंसधारक सक्रिय आढ़ती हैं। अब इनमें से कितने आढ़ती सरकारी क्रय केंद्रों की तरह से गेहूं खरीद करने को आवेदन करेंगे और इनके माध्यम से खरीद होने पर बाजार में गेहूं के भाव में उछाल लाने की कोशिशें कितनी कामयाब होंगी, यह समय बताएगा, फिलहाल तो प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि अगर बड़े पैमाने पर आढ़तियों के आवेदन आते हैं और सभी को समर्थन मूल्य पर खरीद को अधिकृत कर दिया गया तो गेहूं खरीद का लक्ष्य चंद दिनों में ही पूरा हो जाएगा। उससे ज्यादा खरीद होने पर भंडारण की समस्या आएगी। उधर, सरकारी गेहूं खरीद के नोडल अधिकारी एडीएम राकेश मिश्रा ने कहा कि आढ़तियों से खरीद कराने का आदेश आ गया है। क्रय केंद्रोें के समान ही आढ़तियों के लिए भुगतान तथा प्रतिदिन की खरीद सीमा आदि के नियम लागू होंगे। कितनी खरीद होगी, कब तक होगी इसको लेकर खरीद लक्ष्य पूरा होने पर शासन से मार्गदर्शन प्राप्त किया जाएगा। किसानों को हर हाल में समर्थन मूल्य मिलना सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।