हरदोई। महामाया योजना के अंतर्गत आवास अनुदान में गोलमाल के मामले में शिकायत करना दलित को भारी पड़ गया। शुक्रवार को कचहरी में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष के चेंबर से प्रधान समेत सपा के निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष व उसके साथी उठा ले गए और धुनाई कर दी। इससे खफा वकील व अन्य लोगों ने सपा समर्थकों व प्रधान को धुन दिया। जानकारी मिलते ही प्रभारी कोतवाल, सीओ मौके पर पहुंचे।
पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि लूट, मारपीट व जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रधान समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मझिला क्षेत्र के ब्लॉक टोडरपुर के मजरा परसई के महेश पासी समेत करीब दो दर्जन लाभार्थी डीएम को प्रधान अशोक कुमार के खिलाफ प्रार्थना पत्र देने जा रहे थे। जिसमें आरोप है कि शासन द्वारा योजना के अंतर्गत आवास हेतु सभी को 45 हजार रुपए का अनुदान मंजूर हुआ था। इसके लिए लाभार्थियों ने बैंक शाखा में खाते खुलवाएं थे। आरोप है कि प्रधान ने उन लोगों से कालोनी के लिए हर एक लाभार्थी से पांच हजार लिए थे और कहा कि जल्द ही उनका पैसा खातें में आ जाएगा। वह लोग जब बैंक पहुंचे तो पता चला कि उनका पैसा प्रधान, सचिव व बैंक प्रबंधक ने दूसरी महिलाओं को खड़ा कर निकाल लिया था। मामले की भनक लगने पर प्रधान, उनके भाई सपा के निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष नवल किशोर व होरीलाल कचहरी आए और अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर के चेंबर में बैठे महेश को उठा ले गए और उसकी धुनाई कर दी और राइफल तान दी। इस दौरान उसके पास मौजूद 250 रुपए छीन लिए। फरियादी को पिटता देख वकील और उनके साथियों ने प्रधान, उनके समर्थकों को पकड़ लिया और धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंचे सीओ राजेश कुमार, कोतवाली प्रभारी शैलेश सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान मौका पाकर हमलावर फरार हो गए। महेश ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि प्रधान समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ हरिजन एक्ट, लूट व जान से मारने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।