हरदोई। बेहटा गोकुल क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी पत्नी एक वर्ष से ससुराल में रह रही थी और वह पत्नी की विदा कराने गया था। गुुरुवार सुबह उसका गांव से दूर पेड़ से फांसी पर लटकता शव मिला, जबकि हरपालपुर क्षेत्र स्थित ससुराल में किसी बात को लेकर युवक ने जहर खा लिया। पत्नी ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, पर उसकी मौत हो गई। उधर, घरेलू विवाद में युवक ने जहर खा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोनार थाना क्षेत्र के निसौरी डामर निवासी रामशरण (35) की कोतवाली शहर क्षेत्र के चिंतालपुरवा में ससुराल थी। उसकी पत्नी करीब एक वर्ष से अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही है। रामशरण के पिता की मौत हो चुकी है और घर पर उनकी बूढ़ी मां ही रहती है। परिजनों ने बताया कि रामशरण कई बार पत्नी को विदा कराने को ससुराल जा चुका है, पर वह नहीं आई। बुधवार की सुबह भी वह पत्नी को विदा कराने ससुराल जाने की बात कहकर घर से गया था, पर लौटकर नहीं आया। गुरुवार की सुबह बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के मत्तीपुर खलीफा गांव के बाहर एक पेड़ से रामशरण का फांसी पर लटकता शव मिला।
पहचान होने के बाद परिजन सूचना पर मौके पर पहुंचे और घटना का कारण रामशरण की पत्नी के मायके से न आना बताया है। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, हरपालपुर क्षेत्र स्थित ससुराल में किसी बात को लेकर एक युवक ने जहर खा लिया। पत्नी ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पाली क्षेत्र के बावरपुर निवासी हरिकरण बाजपेई के पुत्र अनुज बाजपेई की हरपालपुर क्षेत्र के सतौथा गांव में ससुराल है। परिजनों के अनुसार अनुज की पत्नी रेनू शिक्षामित्र है और उसके एक पुत्र भी है, पुत्र के साथ वह मायके में ही रहती है। अनुज भी ससुराल आते जाते थे। बुधवार की सुबह वह गांव से ससुराल आए थे और गुरुवार को ससुराल में ही किसी बात को लेकर जहर खा लिया। हालांकि बताते हैं कि उस समय घर पर कोई नहीं था। रेनू उसे सीएचसी लेकर गईं, जहां पर गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुछ समय बाद ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर ससुराली जन और परिजन भी जिला अस्पताल आ गए। विधायक रजनी तिवारी ने जिला अस्पताल पहुंच कर परिजनों को धैर्य बंधाया। उधर, कोतवाली शहर क्षेत्र के रत्तापुरवा के नक्षत्र पाल ने गुुरुवार को घर में किसी बात को लेकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई और गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।