फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर में लगी आग से महिला जिंदा जली

Thu, 03 May 2012 12:00 PM IST
Hardoi
विज्ञापन
विज्ञापन
पिहानी (हरदोई)। कस्बे के मोहल्ला नागर में एक विवाहिता की घर में लगी आग की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। इस अग्निकांड में गृहस्थी का सारा सामान और छप्पर भी राख हो गया। मृतका के मायके वालों को हादसे की सूचना दी गई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा है।
विज्ञापन

कस्बे के मोहल्ला नागर निवासी राजीव राठौर इस्लामगंज चौराहे पर बर्फ का ठेला लगाता है। बुधवार को वह ठेला लेकर चौराहे पर चल गया। घर में पत्नी सिम्मी और तीन वर्षीय पुत्र शिवा अकेले थे। दोपहर लगभग डेढ़ बजे उसके घर मेें अचानक आग की लपटें उठते देखीं गयीं। किसी ने राजीव को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई। सिम्मी (27) घर के अंदर कोठरी में बुरी तरह से जली पाई गयी। उसकी मौत हो चुकी थी। संयोगवश उसका तीन वर्षीय शिवा घर से बाहर खेल रहा था। जिससे उसकी जान बच गई। पति राजीव ने बताया कि घटना जिस समय घटी वह खाना बनाने का समय था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि खाना बनाते समय आग लग गई और बदहवासी में सिम्मी बाहर भागने के बजाय अंदर कोठरी में भागी जिससे आग में बुरी तरह से जलकर उसकी मौत हो गई। आग के बुलंद होते शोलों से पूरे मोहल्ले में अफरातफरी फैल गयी। लोगों ने आननफानन नल और कुएं के पानी के जरिए आग पर काबू पाया। हादसे के बाद मृतका का शव देर तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। पति राजीव ने बताया कि उसने सिम्मी के मायके नई बस्ती कस्बा मैगलगंज (खीरी) मेें हादसे की सूचना दे दी है। थानाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि आग कैसे लगी इसकी पड़ताल की जा रही है।

इंसेट
ममता के आंचल से महरूम हुआ शिवा
पिहानी (हरदोई)। तीन वर्षीय शिवा हादसे में बाल-बाल बच गया। ममता के आंचल से महरूम हुए शिवा की खामोशी हर किसी को रंजीदा कर रही थी। आसपास के लोगों के मुताबिक शिवा अकसर ही घर से बाहर चलते हुए आ जाता है और इसकी यही आदत उसकी जिंदगी के लिए वरदान साबित हुई। घटना से थोड़ी देर पहले ही वह घर से चलते हुए पास के पेड़ के नीचे खेलने गया था और इसी बीच उसके घर में आग लग गई। घर में मचे कोहराम को देखकर वह अभी भी सहमा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें