पिहानी (हरदोई)। नवासा-ए-रसूल इमाम हुसैन की शहादत का महीना मोहर्रम रविवार से शुरू हो रहा है। करबला में आप और आपके साथियों की शहादतों की याद में शिया समुदाय में सवा दो माह तक मजलिस, मातम और जुलूसों का दौर चलेगा। इस बार नौहाख्वानी को दूर दराज की अंजुमनों का आमंत्रित किया गया है। इमामबाड़ों को सफाई और रंग रोगन कर तैयार कर लिया गया है।
नए इसलामी साल का आगाज इसी माह से होता है। इस माह की दसवीं तारीख को मैदान-ए-करबला में नवासा- ए-रसूल को यजीदी लश्कर ने शहीद कर दिया था। करबला की जंग में आप के साथी और खानदान के 72 लोगोें को शहीद कर दिया गया था। अबकी मोहर्रम 26 अक्तूर से शुरू हो रहे हैं। इस मौके पर इमाम बारगाहों का रंगो रोगन कर लिया गया है। अब जबकि इस माह को शुरू होने में केवल चंद घंटे ही शेष रह गए हैं, लोगों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पहली मोहर्रम से मेंहदी जुलूसों का सिलसिला शुरू हो जाएगा जो तीन दिन तक चलेगा। सात को जनाबे कासिम की याद में निकलने वाला चौबीस घंटे का जुलूस इसलिए भी यादगार होगा कि अबकी कई बाहरी अंजुमनों को नौहाख्वानी और सीनाजनी को आमंत्रित किया जा रहा है।
जकिया बेगम के इमामबाड़े में भी सोने-चांदी के ताजियों की जियारत के लिए तैयारियां जारी हैं। यह इमामबाड़ा प्रतिवर्ष नौवीं मोहर्रम को आम श्रद्धालुओं को खोला जाता है। इमामबाड़ा अलीकुली मेें तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां से सबसे ज्यादा कार्यक्रमों की शुरुआत या समापन होता है। इमामबाड़ा मीरसरांय से सातवीं जुलूस निकलेगा। नौहख्वानी और सीनाजनी का यह दौर आठवीं रवीउल अव्वल तक जारी रहेगा। पहली मोहर्रम से ही सुन्नियों के सोलह दिवसीय शोहदा-ए-इसलाम जलसों का आगाज हो जाएगा। जलसों को लेकर मसजिद फारूके आजम को तैयार कर लिया गया है। अबकी जलसों में दारुल उलूम देवबंद के मौलाना मुफ्ती राशिद, मुरादाबाद से मुफ्ती अब्दुर्रऊफ, मुफ्ती सलमान, मौलाना मतीनुल हक उसामा, मौलाना वसीम कासमी व मौलाना अल्लाह महर मजरूह समेत कई प्रसिद्ध लोग तकरीर देंगे।
एक से सत्रह मोहर्रम तक लगातार चलने वाले सुन्नियों के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार पुरुषों के अलावा महिलाओं के लिए भी परदे की व्यवस्था के साथ बैठने का इंतजाम रहेगा। प्रतिदिन जलसा रात को ईशा नमाज के बाद आरंभ हो जाएगा। पूरी रात चलने वाले मुशायरे के लिए दूर दराज के शायरों से संपर्क साधा जा रहा है। उधर, मोहर्रम को लेकर अति संवेदनशील पिहानी में पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अबकी भी मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था को आसपास के थाना क्षेत्रों के फोर्स के अलावा पीएसी जवान भी तैनात रहेंगे। प्रभारी निरीक्षक लालता प्रसाद साहू ने बताया कि किसी भी नए कार्यक्रम की अनुमति नहीं है। समस्त कार्यक्रम परंपरागत तरीके से ही संपन्न कराए जाएंगे।