मल्लावां। पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से बरौना-मल्लावां मार्ग दिन प्रतिदिन खस्ताहाल होता जा रहा है। अब मार्ग के हालात यह है कि सड़क गड्ढे में है या गड्ढे में सड़क इस पर कुछ कह पाना मुश्किल है।
राहगीरों को एक कदम चलने में मुसीबत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में दुपहिया व चौपहिया की बात ही दूर। यह स्थिति तब है जब दारापुर, बरौना, भड़वला, तेरिया भवानीपुर, बखोरा, नसीरपुर, भवनखेड़ा आदि गांव के ग्रामीणों का मार्ग से आवागमन रहता है। ज्ञात हो कि एक दशक पहले सड़क का डामरीकरण हुआ था, तब से लेकर आज तक मरम्मत नहीं कराई गई। दो दिन पूर्व हुई बरसात से सड़क पर सहादतपुरवा, सलेमपुर, अकबरपु़र गांव के पहले जलभराव होने से लोगों को निकलने में खासी दिक्कतें होने लगी हैं।
लोगों का कहना है कि कई बार सड़क की मरम्मत कराने को पीडब्ल्यूडी और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, पर नतीजा सिफर रहा। प्रधान रामखेलावन, फूलमती, छुन्नीलाल और गंगाराम आदि ने डीएम से मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। विधायक बृजेश वर्मा बोले कि सड़क निर्माण के बारे में बड़े अफसरों से बात कर जल्द ही सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी।