हरदोई। लखनऊ रोड पर स्थित फ्लोर मिल पर गुरुवार की शाम को बिजली विभाग की छापामारी में कार्रवाई की गई। फ्लोर मिल का कनेक्शन सीडी कंडेक्टर से जुड़ा मिलने पर विभाग ने मीटर सील कर दिया और इसकी जांच के निर्देश दिए। इसके लिए एक कमेटी भी बनाई गई है।
बिजली चोरी के मामले में फ्लोर मिल पर अब कार्रवाई करने का फैसला लिया गया। पहले तो बड़ी ही शिथिल प्रक्रिया अपनाई जा रही थी, पर अब विभाग ने कार्रवाई करने का कदम उठा लिया। ज्ञात हो कि बीते गुरुवार की देर शाम को विभाग के अधिशासी अभियंता समेत एसडीओ आदि लखनऊ रोड स्थित एक फ्लोर मिल पर बिजली की चोरी की शिकायत पर पहुंचे। हालांकि, अफसरों ने पहुंच कर जांच की और फ्लोर मिल में 400 केवीए का कनेक्शन होने के बावजूद सीडी कंडेक्टर से सीधे सप्लाई जुड़ी पाई, जिससे साफ है कि बिजली की चोरी फ्लोर मिल में हो रही थी।
इसके बाद बिजली विभाग ने उस वक्त तो कार्रवाई नहीं की, पर अब विभाग ने मिल का मीटर सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि मामले में एक कमेटी बनाई गई है। जिसमें अधिशासी अभियंता वितरण खंड द्वितीय व मीटर विभाग सहित एसडीओ शहर व मीटर विभाग के जेई को शामिल किया गया। कमेटी द्वारा मीटर की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि कमेटी द्वारा जांच में गड़बड़ी मिलने पर मिल पर जुर्माना भी किया जाएगा।