हरदोई। मौलाना खालिद मुजाहिद के मामले में निमेष आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर पीस पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि सपा के सत्ता में रहते अल्पसंख्यकों को न्याय मिलना असंभव है, इसलिए इस सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। मौलाना खालिद मुजाहिद के परिजनों को 50 लाख की सहायता मुहैया कराई जानी चाहिए। कहा कि पीस पार्टी यह भी मांग करती है कि प्रदेश में हुए दंगों तथा सीओ जियाउल हक व मौलाना खालिद मुजाहिद हत्या की साजिश में सपा सरकार की संलिप्तता की जांच सीबीआई से कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए। फर्जी मुकदमों में जेलों में बंद बेगुनाह मुसलिमों को तुरंत रिहा किया जाए तथा उन पर लगे मुकदमों को अविलंब वापस लिए जाएं।
इस दौरान पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की और ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट आरएसएल वर्मा को सौंप कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में उक्त के अलावा सरकार बनने के बाद दंगों में मारे गए परिवारों को 15-15 लाख का मुआवजा, नवीन तहसील संडीला व नवीन तहसील सवायजपुर के पास रोडवेज बस स्टाप बनाने, इटौली मोड़ से बाया गोपामऊ पिहानी तक के मार्ग का चौड़ीकरण कराने, चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों का बकाया एक माह में भुगतान कराने की मांग की गई। इस मौके पर मौलाना इस्लामुद्दीन देवदत्त कोरी, जलालुद्दीन, ईशाकशाह, सिकंदर गाजी, सलीम गाजी, सरफराज, संजय पाल, सुशील पासी आदि मौजूद थे।