पिहानी (हरदोई)। भारतीय बौद्ध महासभा की ओर से ग्राम करसुआ ग्रंट गांव में आयोजित धम्म प्रेरणा संगोष्ठी में बुद्ध के पंचशील पर चलने की सीख दी गई। इस दौरान महिला सभा की तहसील इकाई के गठन की घोषणा भी की गई।
प्रहलाद कुमार की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में भिक्षु रतन शील ने कहा कि बुद्ध का पंचशील सिद्धांत सफल जीवन जीने का सूत्र है। उन्होंने दलितों को अपना जीवन बदलने को कुरीतियों से दूर रहकर शिक्षित बनने का आह्वान किया। प्रहलाद कुमार ने कहा कि बुद्ध के सिद्धांत को अपनाकर हम विश्व में सम्मान पा सकते हैं। मृदुभाविनी बौद्ध ने कहा कि 14 अक्टूबर 56 में बाबा साहब द्वारा बौद्ध धर्म अपनाना बड़ी सामाजिक धार्मिक घटना थी। राम गोपाल ने कहा कि जोश के साथ होश रखकर हम न केवल अपने समाज को उत्थान की ओर ले जा सकती है, बल्कि उसे विश्व में सर ऊंचा कर चलने वाला भी बना सकते हैं।
जय करन लाल, कमलेश कुमार, रामदीन गौतम, रियासत अली आदि ने भी विचार रखे। उधर, बौद्ध महासभा की महिला तहसील इकाई शाहाबाद का गठन भी किया गया। तहसील अध्यक्ष प्रहलाद कुमार ने बताया कि ऊषा गौतम संरक्षक, नीलम गौतम अध्यक्ष, सोनेश्री, अलका गौतम को उपाध्यक्ष, प्रतिभा वर्मा कोषाध्यक्ष, साधना महामंत्री, नीतू गौतम को लेखा परीक्षक, शीला गौतम व सुनीता गौतम को संगठन मंत्री और सरस्वती को सदस्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।