हरदोई। कड़ाके की ठंड और कोहरा इन दिनों निरंतर बिजली आपूर्ति में बाधक बना हुआ है। ठंड से जहां एक ओर बिजली आपूर्ति पर लोड बढ़ा हुआ है और आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है। वही कोहरे से बिजली की लोकल फाल्टों में वृद्धि हो गई है, जिससे बुधवार रात कोहरा अधिक होने से 33 केवीए लाइन पर ओस जम जाने से सांडी रोड व गुरगुज्जा उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति 10 घंटे तक गुल रही।
गुरुवार को सांडी रोड उपकेंद्र व गुरगुज्जा उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। जिससे शहरी क्षेत्र के कई मोहल्ले व ग्रामीण इलाकों की बिजली गुल हो गई। रात को करीब ढाई बजे अचानक 33 केवीए लाइन में फाल्ट आ गया, जिससे रात में ही बिजली गुल हो गई। रात भर तो बिजली आपूर्ति सुचारु हो नहीं सकी। वहीं गुरुवार की सुबह को निर्धारित समय पर आपूर्ति नहीं आई। ऐसे में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। वहीं दस बजे के बाद आपूर्ति को सुचारु करने का काम शुरू कराया गया। तब जाकर दोपहर को एक बजे के बाद लोगों को करीब दस घंटे बाद बिजली आपूर्ति मिल सकी और फिर लोगों ने राहत की सांस ली। जेई अजय श्रीवास्तव ने बताया कि ठंड में लोड अधिक बढ़ा हुआ है व कोहरे के कारण तारों पर जमी धूल से फाल्ट हो रहे, जिससे जंफर व पीजी क्लैंप जल गए। जिन्हें बदलने के बाद आपूर्ति सुचारु की गई।