हरदोई। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के लिए स्वच्छ छवि वाले विद्यालयोें को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए। विद्यालय के संबंध में एसडीएम सही आख्या उपलब्ध कराएं। किसी भी दागी छवि वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित जिले में 458 विद्यालय संचालित हैं। इनमें पढ़ने वाले डेढ़ लाख विद्यार्थी इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 96 हजार और इंटर के 60 हजार विद्यार्थी शामिल हैं। इन विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की कवायद चल रही है। विद्यालयों से परीक्षा केंद्र बनाने के लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन मांगे गए हैं। परीक्षा केंद्रों के संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी अनिल कुमार ने विभागीय अधिकारियों और एसडीएम की बैठक ली। उन्होंने बैठक मेें निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र बनाने में सावधानी बरती जाए। स्वच्छ छवि विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए। परीक्षा केंद्र का निर्धारण करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि विद्यालय में विद्यार्थियोें के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान व फर्नीचर हो। विद्यालय साफ सुथरी छवि वाले हो। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण कर उसकी आख्या जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि विद्यालयों से परीक्षा केंद्र के संबंध में आवेदन मांगें गए थे जिनका परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र कें निर्धारण में विभागीय निर्देशों का पालन किया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।