हरदोई। शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को रोकने और उनके खुलासे के लिए पुलिस ने शुक्रवार को कई कबाड़ियों के यहां छापेमारी की। इस संबंध में कई को हिरासत में लिया है। जल्द ही कई मामलों से पर्दा उठ सकता है।
शहर में चोरियों की लगातार वारदातें हो रही हैं। घरों व दुकान को निशाना बनाने के साथ चोर बिजली व टेलीफोन के तार पर पार कर रहे हैं। इसके अलावा टेलीफोन के लिए लगाई गई डीपी बाक्स के लोहे के पाइप भी चोरी हो रहे है। इससे दूर संचार सेवा बाधित हो रही है। चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को शहर के कबाड़ियों के यहां छापेमारी की। पुलिस ने कबाड़ियों के पास से तार भी बरामद किया है। इस छापामारी में कई को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से कई मामलों से पर्दा उठ सकता है। कोतवाली प्रभारी वीके मिश्र ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत मेें लेकर पूछताछ की जा रही है।