हरदोई। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में तैनात 942 अनुदेशकों का मानदेय 9000 रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया है। रविवार का रसखान प्रेक्षागृह में होने वाले समारोह में अनुदेशकों को सम्मानित किए जाने के साथ ही प्रतीकात्मक चेक का वितरण भी किया जाएगा।
जिले के जूनियर हाईस्कूल में 942 अनुदेशक तैनात है। शासन की ओर से वर्तमान वित्तीय वर्ष में मानेदय आठ हजार रुपये बढ़ा दिया है। अब अनुदेशकों को नौ हजार के स्थान पर 17 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है। मानदेय बढ़ने से अनुदेशक काफी प्रसन्न है। विभाग की ओर से अनुदेशकों के मानदेय बढ़ने पर उनके लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर में होगा, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समारोह में अनुदेशकों को सम्मानित करेंगे। उसका लाइव प्रसारण शहर के रसखान प्रेक्षागृह में देखा जाएगा। रविवार शाम पांच बजे से होने वाले समारोह के लिए प्रत्येक ब्लॉक से 15 से 20 अनुदेशकों को बुलाया गया है। समारोह में उनको प्रतीकात्मक चेकों का वितरण किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी अजित कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पत्र आया था, उसी के आधार पर सम्मान समारोह की तैयारियां की जा रही हैं।