भरावन। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अतरौली बाजार में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने किसानों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने की मांग की। कहा कि थानों पर किसानों की समस्याओं का अधिकारी संज्ञान नहीं लेते, उनसे अभद्रता की जाती है। इस पर अंकुश लगाया जाए।
अतरौली बाजार स्थित जागेश्वर मंदिर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गन्ना का मूल्य नहीं बढ़ाया गया। इस कारण किसानों को कम दरों पर ही गन्ना बेचना पड़ रहा है। सरकार अगर किसानों को राहत देना चाहती है, तो गन्ने का मूल्य चार सौ रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। किसान नेता गुड्डू चौहान ने कहा कि चीनी मिल के लिए गन्ना ढोने वाले ट्रक ओवरलोडिंग करते हैं, अधिकारी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। वहीं किसानों की ट्रालियों को ओवरलोडिंग के नाम पर रोका जाता है और उन्हें परेशान किया जाता है। पदाधिकारियों ने मौके पर आए एसओ अतरौली ओपी तिवारी को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर वीर प्रकाश सिंह, श्यामू शुक्ला, राजेश सिंह, अतुल व यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे।