हरदोई। कोरोना ने अब शहर में भी दस्तक दे दी है। शनिवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में शहर के चार लोगों सहित आठ लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें प्रिंटिंग प्रेस का मालिक भी शामिल है। अब कुल संक्रमित 186 हो गए हैं जबकि 65 एक्टिव केस हैं।
लखनऊ मेडिकल कालेज से शनिवार देर रात आई जांच रिपोर्ट ने पूरे शहर में खलबली मचा दी। संक्रमितों में शहर के चार लोगों का नमूना पूल सैपलिंग के दौरान डिप्टी सीएमओ डा. प्रशांत रंजन की निगरानी में लिया गया था। विद्या गैस एजेंसी से संबद्ध सिलिंडर डिलीवरी वाहन का मालिक (34) संक्रमित मिला है। वह खुद ही वाहन चलाता है। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर में पत्नी, दो बच्चों और मां के साथ रहता है। विद्या गैस एजेंसी से ही संबद्ध डाला चालक प्रगति नगर निवासी (48) भी संक्रमित मिला है। जिंदपीर चौराहे के निकट स्थित हरदोई गैस सर्विंस का डिलीवरी ब्वाय (23) निवासी ग्राम बुधराई रारा भी पॉजिटिव मिला है। शहर के मोहल्ला कौशलपुरी निवासी प्रिटिंग प्रेस का मालिक (44) भी संक्रमित है। इन सभी को कोविड-19 अस्पताल मलिहामऊ भेजा गया है। वहीं शहर के मोहल्ला इदरीशगंज निवासी युवक (45) 18 जून को ट्रेन से दिल्ली से घर आया था। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और पुत्री है। युवक संक्रमित मिला है। जिला अस्पताल में खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित होने के कारण भर्ती हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खम्हौरा निवासी व्यक्ति (35) भी संक्रमित मिला है। वह गांव में ही रहकर खेती करता है। परिवार में तीन भाई, गर्भवती पत्नी, चार पुत्रियां और मां हैं। हरियाणा के गुरुग्राम के वजीराबाद इलाके में सिक्योरिटी गार्ड हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरसा निवासी युवक (34) 18 जून को रोडवेज बस से दिल्ली से आया था। उसने कोरोना की जांच के लिए नमूना दिया था। फिर गांव में अपने घर से कुछ दूर रह रहा था। उसके परिवार में माता-पिता, भाई, पत्नी और दो बच्चे हैं। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राभा निवासी युवक (42) भी पॉजिटिव मिला है। उक्त युवक दिल्ली से पिहानी के बीच चलने वाली प्राइवेट बस से पत्नी और तीन बच्चों के साथ दिल्ली से 17 जून को आया था। गांव की आशा की सूचना पर उसे जांच को भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
संक्रमित लोगों के मोहल्लों में की गई बैरीकेडिंग
शहर के मोहल्ला कौशलपुरी और इदरीशगंज निवासी युवकों के संक्रमित मिलने की सूचना पर नगर पालिका ने दोनों ही मोहल्लों में बैरिकेडिंग कराई है। संक्रमित युवकों के परिजनों को होम क्वारंटीन किया गया है। ईओ रविशंकर शुक्ला पुलिस टीम के साथ दोनों ही पीड़ितों के घर पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। आजाद नगर और प्रगतिनगर में भी बैरिकेडिंग की गई है। सैनिटाइजेशन भी कराया जा रहा है। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खम्हौरा और सिरसा में भी बैरिकेडिंग की गई है। दोनों ही गांवों में पुलिस टीम भी लगाई गई है। संपर्क में आने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
घबराएं नहीं, सतर्कता बरतें : ईओ
ईओ रविशंकर शुक्ल ने शहर वासियों से अपील की है कि कोरोना से घबराएं नहीं, सतर्कता बरतें। आवश्यक होने पर ही घर से निकलें। सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और हर एक घंटे में साबुन से कम से कम 20 सेकेंड तक हाथ धोएं। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
फोटो-10- कौशलपुरी में पुलिस की मौजूदगी में सैनिटाइजेशन करता नगर पालिका कर्मी। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-11- इदरीशगंज में संक्रमित मिले युवक के घर में लगाया गया पोस्टर। संवाद- फोटो : HARDOI