हरदोई। ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी कार्यक्रम के तहत सोमवार को प्रभारी मंत्री अभिषेक मिश्रा, राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल के अलावा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ अन्य लोगों ने 8.66 लाख पौधों से जिले की धरती का शृंगार किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं इसलिए हम सबका दायित्व है कि पौधे लगाकर धरा को हरा-भरा बनाएं। मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश प्रदूषण मुक्त हो और वातावरण स्वच्छ हो, इसी उद्देश्य से वृहद पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया है।
मुख्य कार्यक्रम लखनऊ मार्ग पर शारदा नहर की पटरी के पास हुआ। यहां प्रभारी मंत्री अभिषेक मिश्रा, स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लि. के अध्यक्ष डा. राजपाल कश्यप, विधायक बाबू खां, अनिल वर्मा, राजेश्वरी देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाए। यहां 1.6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधे लगाए गए। प्रभारी मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में खाली पड़ी पंचायती भूमि पर पौधे लगवाएं। राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि पौधे के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए सभी लोग पौधे लगाएं और उनकी देखभाल भी करें।
मुख्य कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष सराफत अली, सांसद प्रतिनिधि विनोद राठौर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, डीएम विवेक वार्ष्णेय, एसपी उमेश कुमार सिंह, आकांक्षा समिति अध्यक्ष डा. अनु वार्ष्णेय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, डीएफओ की पत्नी ने भी पौधे लगाए।