फोटो-32- मंगलवार को अंतिम दिन मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर कुछ इस तरह पसरा रहा सन्नाटा। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जनपद में 15 अप्रैल से शुरू हुई गेहूं खरीद का मंगलवार की देर शाम समापन हो गया। निर्धारित लक्ष्य 14 लाख 65 हजार क्विंटल के सापेक्ष लगभग 19 हजार किसानों से 11 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। खरीद के सापेक्ष 90 प्रतिशत धनराशि का भुगतान भी किया जा चुका है।
लॉकडाउन के चलते इस बार रबी विपणन वर्ष 2020-21 के तहत जनपद में गेहूं की खरीद 15 दिन विलंब से शुरू हो सकी थी। 15 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होने के साथ ही जिले को 14 लाख 65 हजार क्विंटल का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य के अनुरूप जनपद में खाद्य विभाग समेत आठ एजेंसियों के कुल 115 क्रय केंद्र खोले गए हैं। कई उतार चढ़ाव के बाद जनपद में मंगलवार की शाम तक निर्धारित लक्ष्य 14 लाख 65 हजार क्विंटल के सापेक्ष लगभग 11 लाख क्विंटल (75 फीसदी) गेहूं की खरीद हो चुकी है। मंगलवार को खरीद का आखिरी दिन है। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष 75 फीसदी गेहूं की खरीद की गई है।
किसानों का 18 करोड़ रुपये का भुगतान अवशेष
हरदोई। जनपद में सोमवार तक 10 लाख 98 हजार क्विंटल खरीद की गई। खरीदे गए गेहूं के मूल्य 211 करोड़ रुपये के सापेक्ष सोमवार की शाम तक किसानों को 192 करोड़ 81 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अधिकारियों कहना है कि किसानों का लगभग 18 करोड़ रुपये का भुगतान अवशेष है। वह भी शीघ्र किसानों के खाते में भेजा जाएगा।
अधिकांश गेहूं एफसीआई को भेजा
हरदोई। जनपद में सोमवार की शाम तक 115 क्रय केंद्रों पर खरीदे गए 10 लाख 98 हजार क्विंटल गेहूं के सापेक्ष 10 लाख 84 हजार क्विंटल गेहूूं का एफसीआई में भेज दिया गया है। मात्र 13 हजार क्विंटल गेहूं शेष है। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे ने बताया कि उठान जारी है। एक या दो दिन पूरा माल एफसीआई को भेज दिया जाएगा।
मोबाइल सेंटर से हुई 30 हजार क्विंटल खरीद
हरदोई। खरीद की रफ्तार कम होने पर शासन के निर्देश पर जनपद में 7 जून से सप्ताह में एक दिन का विशेष अभियान चलाकर जनपद में मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से भी गेहूं की खरीद कराई गई। खाद्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनपद में मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से लगभग 30 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।