अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म वितरण में होने वाला खेल अभी से सामने आने लगा है। हमेशा की तरह इस बार भी सत्ताधारी दल के लोग यूनिफार्म वितरण में कटने वाली मलाई में हिस्सा पाने को बेताब हैं। आलम यह है कि गुरुवार को एक युवक ने खुद को सांडी के विधायक का मीडिया प्रभारी बताते हुए एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को धमका दिया। मामला तब सामने आया जब इसका ऑडियो वायरल हो गया। मामले ने तूल पकड़ा तो सांडी के विधायक ने प्रकरण से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उनका कोई मीडिया प्रभारी नहीं है।
इन दिनों परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म वितरण का कार्य चल रहा है। गुरुवार को गौरव ठाकुर नाम के युवक ने अहिरोरी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भीठादान के प्रधानाध्यापक महावीर प्रसाद को फोन किया। गौरव ने खुद को सांडी विधायक का मीडिया प्रभारी बताते हुए कहा कि यूनिफार्म उनका ही आदमी देने आएगा और किसी की यूनिफार्म न ली जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब एसडीआई कह चुके हैं तो फिर अड़चन क्यों डाल रहे हो। धमकी मिलने के बाद घबराए प्रधानाध्यापक ने घटना की जानकारी बीईओ को दी। प्रधानाध्यापक की मानें तो बीईओ ने उनसे कहा कि जहां अच्छी गुणवत्ता मिले वहीं से यूनिफार्म खरीदी जाए। गुरुवार दोपहर बाद इस पूरे प्रकरण का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो वायरल होने के बाद इस मामले पर सांडी के भाजपा विधायक प्रभाष कुमार ने कहा कि गौरव ठाकुर उनके क्षेत्र के हैं लेकिन उनके मीडिया प्रभारी नहीं हैं। विधायक ने यह भी कहा कि वह जनता के लिए हमेशा सुलभ रहते हैं, इसलिए उन्होंने न तो किसी को प्रतिनिधि बनाया और न ही मीडिया प्रभारी।
इनसेट
बीईओ बोले
अहिरोरी के बीईओ मनोज पटेल ने बताया कि उन्होंने भी ऑडियो क्लिप सुनी है। उन्होंने कहा कि यूनिफार्म वितरण से जुड़ी विकास खंड की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि सबसे अच्छी गुणवत्ता देने वाले से ही यूनिफार्म खरीदी जाए। किसी एक वेंडर का नाम कहीं भी नहीं कहा गया।
---------------------
- प्रधानाध्यापक को धमकाने का आरोप
- सांडी के भाजपा विधायक का मीडिया प्रभारी
- यूनिफार्म खरीदने को लेकर बनाया दबाव, ऑडियो हुआ वायरल