हरदोई। शहर में यातायात के नियमों के प्रति लोग अनदेखी कर रहे हैं। पिछले माह 6,727 लोगों ने यातायात के नियमों को तोड़ा। इनमें से 386 वाहनों को सीज किया गया। इसके बावजूद लोगों में सुधार नहीं हो रहा है।
शहर में यातायात के नियमों का पालन करने के लिए यातायात पुलिस और एआरटीओ की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इसके बावजूद लोग यातायात के नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। नियमोंं की अनदेखी के कारण लोगों को 87 लाख रुपये का जुर्माना जमा करना पड़ा है। 6,727 वाहनों में 386 को सीज किया गया, जबकि 4,916 पर हेलमेट न लगाने, 167 पर सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, 386 पर तीन सवारियांं बिठाने, 150 पर वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने, 435 पर यातायात के नियमों की अनदेखी, 565 पर नो पार्किंग मेंं वाहन खड़ा करने, 312 का डीएल न होने का चालान किया।
इसके साथ ही 165 पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगाने पर, 283 पर संकेतांक का प्रयोग न करने पर, छह पर हूटर लगाने पांच पर वाहन पर प्रतीक चिन्ह का प्रयोग करने पर, 26 पर नाम पट्टी लगाने, 152 पर शराब के नशे में वाहन चलाने पर, 28 पर ओवर स्पीड और 11 पर वाहन में काली पट्टी लगाने पर कार्रवाई की गई। यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी यातायात के नियमों का पालन करें। ताकि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरे को भी सुरक्षित रखें। यातायात के नियमोंं की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।