संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को अब एआरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने से काफी हद तक राहत मिलेगी। विभाग ने 58 में से 52 सेवाओं को फेसलेस मोड में ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है। इनमें 39 सेवाएं ऑटो अप्रूवल मोड में संचालित हो रही हैं।
जिले में छोटे बड़े कुल छह लाख 76 हजार 832 वाहन पंजीकृत हैं। आधार प्रमाणीकरण के बाद आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी होने से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। ऑटो अप्रूवल के तहत सारथी पोर्टल पर लर्निंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण व डुप्लीकेट लाइसेंस, नाम-पता संशोधन, इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट, मोबाइल नंबर अपडेट, पीएसवी बैज समेत 27 सेवाएं मिलेंगी। वहीं वाहन पोर्टल पर डुप्लीकेट आरसी, पते में बदलाव, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, एनओसी, विशेष परमिट, डुप्लीकेट परमिट और एचपीए से जुड़ी सेवाएं ऑनलाइन होंगी। आवेदक स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण कराकर इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इससे कार्यालय में अनावश्यक भीड़ तो कम होगी ही साथ ही लोगों की दौड़ भी बचेगी।
-
-इन कामों के लिए जाना होगा कार्यालय
नए वाहन का पंजीकरण, अस्थायी पंजीकरण, व्यवसाय प्रमाणपत्र, नए वाहन का परमिट, परमिट नवीनीकरण और प्राधिकार प्रमाणपत्र नवीनीकरण।
वर्जन-
परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन और फेसलेस होने से आवेदकों को कार्यालय आने की जरूरत कम होगी। आधार प्रमाणीकरण के बाद कई सेवाओं की प्रक्रिया घर बैठे पूरी की जा सकती है। इससे लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे व सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। - अरविंद कुमार सिंह, एआरटीओ, प्रवर्तन