हरदोई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में शनिवार को आग लगने से 50 बीघा गेहूं की फसल जल गई। जबकि सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव में छप्पर में आग लगने से चार घरों की गृहस्थी जल गई और शाहाबाद कोतवाली के जलालपुर गांव में गैस सिलेंडर लीकेज होने से दो घरों की गृहस्थी का सामान जल गया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा के मजरा बुलाकी पुरवा में शनिवार को गेहूं की फसल में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग पहुंच गए और आग को बुझाने की कोशिश करने लगे। हवा के कारण आग की लपटें आस-पास के खेतों को चपेट में लेने लगी।
आग को फैलने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने आस-पड़ोस के खेतों को ट्रैक्टर से जोत दिया और पंप सेट चालू कर आग बुझाई। जब तक आग पर काबू पाया तब तक नंदराम , जगपाल, रघुवीर, विनोद, शिवनाथ ,संतोष, अशोक, रामसेवक राम लखन और नाथुन्नी की करीब 50 बीघे गेहूं की फसल जल गई।
सूचना पर एसओ जटा शंकर और हल्का लेखपाल राम प्रदीप ने गांव पहुंचकर नुकसान क ा आंकलन कि या। मौके पर थानाध्यक्ष जटा शंकर सिंह और लेखपाल राम प्रदीप भी पहुंचे। उधर, सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव निवासी रामदीन के घर में चूल्हे पर खाना पकाया जा रहा था। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर में पहुंच गई। जिससे आग भड़क उठी।
आग की लपटें उठती देख रामदीन ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। तब तक रामदीन के पड़ोसी कमले, नवले और प्रकाश के घरों की गृहस्थी भी आग की चपेट में आकर जल गई।
उधर, शाहाबाद कोतवाली के जलालपुर गांव निवासी कैलाश नारायण के बेटे अजय का शनिवार को तिलक चढ़ना था। इसके चलते हलवाई गैस सिलेंडर पर खाना व मिठाई आदि बना रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज हो गया।
जिससे छप्पर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सामान जल गया। आग की चपेट में पड़ोसी राम शरण का भी छप्पर व गृहस्थी का सामान जल गया। हल्का लेखपाल रामऔतार ने गांव पहुंचकर नुकसान की पड़ताल क ी। कैलाश ने आग से घर का सामान और 40000 हजार रुपये का नुकसान बताया है।