हरदोई। रविवार को जनपद में पांच और प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमित 37 हो गए हैं, जिनमें 35 एक्टिव केस हैं।
22 मई को कोरोना की जांच के लिए जिला अस्पताल से 211 नमूने जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजे गए थे। इनमें पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला अल्लाहपुर सैदीखेल निवासी युवक (25), सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम संगैचामऊ निवासी युवक (18), बिलग्राम कोतवाली क्षेश्र के ग्राम दुर्गागंज निवासी युवक (37), पाली कस्बे के मोहल्ला इमामचौक निवासी युवक (23)और पाली थाना क्षेत्र के ही ग्राम बिनइका निवासी अधेड़ (50) शामिल हैं। संगैचामऊ और शाहाबाद निवासी युवक दिल्ली से, जबकि दुर्गागंज निवासी युवक मुंबई से लौटा है।
पाली के विनाइका माफी में पॉजिटिव मिला युवक हरियाणा से और कस्बे के मोहल्ला इमामचौक निवासी युवक मुंबई से लौटे थे। मुंबई में सिलाई का कार्य करने वाला पाली कस्बे का युवक 10 मई को पिकअप से पाली पहुंचा था और उसे कस्बे में बने स्कूल में क्वारंटीन कर दिया गया था। उक्त युवक ने जुकाम होने की शिकायत 21 मई को की थी।
22 मई को उसकी जांच के लिए नमूना लखनऊ भेजा गया था, जो पॉजिटिव मिला। सीएचसी पाली के अधीक्षक डा. आनंद ने बताया कि विनाइका माफी निवासी पॉजिटिव पाली कस्बे में क्वारंटीन है। 21 मई को शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमरिया धनी निवासी युवक पॉजिटिव पाया गया था। विनाइका माफी निवासी संक्रमित अधेड़ इस युवक की बहन का ससुर है। दोनों ही हरियाणा से साथ में आए थे।