पाली (हरदोई)। नगर में शुक्रवार को लगने वाले पशु मेले (नखासे) से दो डीसीएम में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर लादते समय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने यहां से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभिलेख न दिखा पाने के कारण दोनों डीसीएम भी सीज कर दी गई हैं।
पाली थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार के मुताबिक, शुक्रवार की दोपहर दरोगा राकेश कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। तभी वह रूपापुर मार्ग पर निजामपुर पुलिया के पास लगे पशु मेला गए थे। यहां मेले में किसानों से खरीदी गईं भैंसों को चार लोग डीसीएम में ठूंस ठूंसकर लाद रहे थे।
पुलिस ने चारों से पूछताछ की। इन लोगों ने अपना नाम पता बरेली के फतेहगंज पूर्वी निवासी आकिब, हासिब, लड्डन और शाहजहांपुर के कांठ निवासी नासिर बताया। दोनों डीसीएम के कागज मांगे गए, लेकिन यह लोग नहीं दिखा पाए।
एक डीसीएम में 25 और एक में 20 भैंस बंधी हुई थीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि चारों के खिलाफ पशु क्रूरता का मामला दर्ज किया गया है। दोनों डीसीएम पर लदी मिलीं 45 भैंस पशु मेला मालिक छोटे की सुपुर्दगी में दी गई हैं।