फोटो-47-ककरा इकनौरा में आग बुझने के बाद मौजूद ग्रामीण और राजस्व कर्मी। संवाद
हरदोई। खेतों में आग लगने से फसल बर्बाद होने की घटनाएं रुक नहीं रहीं हैं। शनिवार को अतरौली थाना क्षेत्र के दो गांवों में आग लगने से 30 बीघा फसल जल गई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खेत में कटी फसल में आग लग गई। यहां 14 बीघा फसल जल गई।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ककरा इकनौरा गांव में शनिवार को आग लगने से आठ किसानों की 14 बीघा गेहूं की फसल जल गई। जानकारी पर पहुंची अगिनशमन विभाग की टीम ने तकरीबन दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ककरा इकनौरा निवासी महेंद्र, बालकराम, लक्ष्मीनारायण, शिवजी नारायण, गुड्डू, चेतराम, भजनू और ककरा निवासी गेंदनलाल की फसल कट गई थी। फसल खेत से उठाई नहीं गई थी और खेत में पड़ी फसल में ही आग लग गई। राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार शुक्ला और लेखपाल कमलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। कहा कि रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेज दी जाएगी।
भरावन विकास खंड के बलाखेड़ा गांव के पास शनिवार शाम अज्ञात कारणों से खेतों में आग लग गई। घटना में सईद जलील व निसार की लगभग 15 बीघा फसल जल गई। साकिब की छह बीघा, मूलचंद्र की पांच बीघा और सुहेल की दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। घटना कीजानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ट्यूबवेल चलवाकर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इसके साथ ही खेतों में फसलों पर ट्रैक्टर से जुताई कराकर भी आग शांत की गई। इसके अलावा पवायां गांव में भी शनिवार दोपहर गेहूं के खतों में आग लग गई। भगवंतपुर के ओम प्रकाश, मनोज व पवायां के रामनाथ सैनी की दो बीघा गेहूं की फसल इस दौरान जल गई। अगिनशमन वाहन के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।