सांडी। जरूरतमंद महिला को बिचौलिये ने एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से ऋण दिलवा दिया। महिला के साथ धोखाधड़ी कर खुद ही ऋण के 40 हजार रुपये निकाल लिए।
पता तब चला जब ऋण की वसूली के लिए कंपनी कर्मी घर पहुंचने लगे। पुलिस ने एक शख्स पर प्राथमिकी दर्ज की है। थाना क्षेत्र के नीभापुर निवासी अन्नपूर्णा ने बताया कि उसे 40 हजार रुपये की जरूरत व्यक्तिगत कार्याें के लिए थी। गांव के ही दीपू उर्फ दीपक ने उसे एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी (एयू स्मॉल फाइनेंस प्रा.लि.) से 40 हजार रुपये का ऋण दिलवाया था।
आरोप है कि ऋण मंजूर होने के बाद दीपू ने धोखाधड़ी कर उसके धन को निकाल लिया। इसका पता अन्नपूर्णा को नहीं चला। कुछ दिन पहले कंपनी के कर्मचारी ऋण की वसूली के लिए पहुंचे तो अन्नपूर्णा को जानकारी हुई। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।