हरदोई। शहर से सटे बेलाताली तालाब में सुरक्षात्मक काम और सुंदरीकरण कराया जाएगा। प्रशासन ने काम कराने के लिए करीब 40 लाख रुपये की मंजूरी दी है। प्रशासन ने काम कराने की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी है।
शहर से सटे और ब्लॉक टड़ियावां की ग्राम पंचायत बेहटा चांद में आने वाले बेलाताली तालाब का सुंदरीकरण कराया गया था। वहीं समय के साथ और काम की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने सुंदरीकरण के साथ ही सुरक्षात्मक काम कराने का निर्णय लिया है। काम कराने के लिए प्रशासन ने करीब 40 लाख रुपये की मंजूरी दी है। प्रशासन ने यह मंजूरी क्रिटिकल गैप्स की मद से दी है। तालाब और भूमि को सुरक्षित किए जाने के लिए चारदीवारी भी बनवाई जाएगी ताकि तालाब और भूमि को सुरक्षित किया जा सके।
बेलाताली तालाब को शहर के साथ ही लोगों के लिए सुबह-शाम टहलने और वोटिंग आदि के लिए व्यवस्थित कराया गया है। तालाब में मछलियों का भी पालन कराया गया है इससे वहां पर मछलियों को देखने के लिए लोग परिवार के साथ आते हैं इससे ग्राम पंचायत की आमदनी भी हो रही है।
काम को चिह्नित कराते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के माध्यम से एस्टीमेट तैयार कराए गए हैं। प्राथमिकता के कामों को कराने के लिए क्रिटिकल गैप्स से मंजूरी दी गई है जबकि कुछ अन्य कामों को अन्य मदों से भी कराया जाना प्रस्तावित है। -अनुनय झा, जिलाधिकारी