हरदोई। जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 33 और संक्रमित मिले। इसके साथ एक्टिव केस 171 हो गए हैं। इसके बावजूद जिला अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कोविड मानकों का पालन होता नहीं दिख रहा है।
मंगलवार को जिले में बदरुद्दीनपुर निवासी महिला, माधौगंज के शुक्लापुर भगत निवासी युवती, मल्लावां के गोसवां निवासी युवक, गड़ीपुर निवासी युवक, मल्लावां के भुवनखेड़ा में किशोर, कटरा गंगारामपुर में युवक, संडीला में युवक संक्रमित मिला है। बावन के नयागांव निवासी युवक, बालामऊ निवासी युवक सहित 12 संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। बताया कि कोरोना से घबराएं नहीं। सतर्कता बरतने की जरूरत है।
ब्लॉक सेंटर जांचें
बिलग्राम 04 767
शाहाबाद 03 629
संडीला 05 1192
सवायजपुर 03 452
सदर 05 828
जिला अस्पताल 01 160
महिला अस्पताल 01 92
89 मरीज होम आइसोलेट
सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि 89 संक्रमित इन दिनों होम आइसोलेशन में हैं। उन्हें कोरोना किटें दी गईं है। बताया कि लगातार टीमें घरों में जाकर संपर्क कर रहीं हैं। तीन दिन तक बुखार न आने पर संक्रमित को कोरोना के खतरे से बाहर समझ जाता है। बताया कि एक संक्रमित ने कोरोना से जंग जीत ली है।
50 फीसदी उपस्थिति के निर्देश लागू नहीं दिखे
सूबे के मुखिया ने कोरोना की तीसरी लहर के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की 50 फीसदी उपस्थिति के निर्देश दिए हैं। वहीं जिले में पहले दिन इसका पालन नहीं दिखा। आलम यह रहा कि विकास भवन के कार्यालयों में कर्मचारी सामाजिक दूरी का पालन करते नजर नहीं आए।
कोरोना नियम तार-तार, बैंक में लग रही कतार
गोपामऊ। कस्बा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा पर कोरोना गाइड लाइन का पालन होते नहीं दिखा। वहीं बैंक के बाहर ग्राहकों की कतार लग रही है। (संवाद)