हरदोई। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगी भाजपा ने मेरा घर भाजपा का घर, मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार से शुरू हुआ यह अभियान 22 फरवरी तक चलेगा।
अभियान के तहत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ समर्थक भी अपने घर पर भाजपा का झंडा लगाएंगे। घर के बाहर मेरा घर भाजपा का घर का स्टीकर भी चिपकाएंगे। जनपद के आठ विधानसभा क्षेत्रों के 32 मंडलों में शुरू हुए अभियान के क्रम में बुधवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र के राधा नगर स्थित आवास पर भाजपा का झंडा लगाया गया। नगर अध्यक्ष अजीत उपाध्याय, विपिन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय आदि मौजूद रहे। उधर दूसरी ओर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के आवास पर भी भाजपा का झंडा और स्टीकर लगाए गए। सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के आवास पर भी भाजपा का झंडा लगाया गया।