हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सथरी में 11 दिन पहले हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। आरोपियों ने अपनी भांजी से बात करने के कारण युवक की ईंट से सिर कूंचकर हत्या की थी। खास बात ये है कि घटना में नामजद चार लोगों का वारदात से कोई वास्ता नहीं था। एसपी ने हत्याकांड का खुलासा करने वाले सुरसा थानाध्यक्ष और उनकी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। सर्वश्रेष्ठ विवेचना के लिए पुुरस्कृत किए जाने की संस्तुति भी डीजीपी से की गई है।
ग्राम सथरी निवासी रोशन (18) पुत्र जगदीश का शव बीस अक्तूबर की सुबह गांव के निकट ही खेत में पड़ा मिला था। मृतक के बड़े भाई वीरू की तहरीर पर गांव निवासी अहिबरन पुत्र बुद्धा, रामचंद्र पुत्र मुल्ला, विपिन पुत्र मुलायम और छोटे पुत्र कालिका के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी अनुराग वत्स ने सीओ सिटी विकास जायसवाल और सुरसा थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को पत्रकारों से वार्ता में एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि घटना को गांव निवासी शीतला, माया प्रकाश पुत्रगण शिवराम और राम प्रसाद पुत्र छेदा ने मिलकर अंजाम दिया था। मृतक के भाई को उकसाकर जिन लोगों से उनकी रंजिश थी, उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। एसपी ने बताया कि माया प्रकाश और शीतला की भांजी गांव में ही रहती है।
19 अक्तूबर को माया प्रकाश और शीतला ने रोशन को भांजी के साथ बात करते देख लिया था। विरोध जताने पर रोशन ने शादी करने की बात कह भला बुरा कह दिया था। इसके कारण आरोपियों ने रोशन की हत्या ईंट से सिर कुचलकर और फिर दराती मारकर कर दी थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ईंट और दराती बरामद की है। मृतक की शर्ट भी बरामद हुई है।
और यूं खुल गई घटना
पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले मृतक के भाई वीरू के फोन को सर्विलांस पर लगा रखा था। इसी दौरान एक दिन माया प्रकाश ने वीरू को फोन किया और अपनी बात पर कायम रहने को कहा। इस पर पुलिस को शंका हुई, तो फिर आरोपियों से पूछताछ शुरू की गई। जिस युवती से बातचीत पर ये लोग आपत्ति जता रहे थे, उससे भी पूछताछ की गई, तो पूरी घटना खुल गई।